देवरिया। कसया नेशनल हाईवे पर स्कार्पियो सवार बदमाशों ने सरसों तेल से लदा ट्रक लूट लिया। चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। बदमाशों ने खलासी को बंधक बनाकर देवरिया की तरफ निकल पड़े। चालक ने लूट की सूचना मालिक को दी। गाड़ी में जीपीएस लगे होने के कारण गाड़ी की लोकेशन मालिक को मिलती रही, जिससे ट्रक बरामद कर लिया गया।
इटावा का रहने वाला देवेंद्र सिंह ट्रक चालक और गांव का रहने वाला सौरभ सिंह खलासी है। मध्यप्रदेश से करीब 20 लाख रुपये का सरसों का तेल गाड़ी पर लाद कर बिहार के चकिया के लिए रवाना हुआ। बुधवार देर रात दस बजे के करीब कसया नेशनल हाइवे पर स्कार्पियो सवार बदमाशों ने ट्रक को रोक लिया। चालक देवेंद्र सिंह गाड़ी छोड़कर भाग निकला। बदमाशों ने खलासी को बेहोश कर दिया। स्कार्पियों और ट्रक देवरिया की ओर मुड़ गए। थोड़ी देर बाद चालक ने लूट की सूचना इटावा में मालिक को दी गई।
ट्रक में जीपीएस लगा था। लोकेशन इटावा में बैठे मालिक तक पहुंचने लगी। ट्रक के तरकुलवा क्षेत्र में दाखिल होते ही मालिक ने लूट की सूचना एसपी मोहम्मद इमरान को दी। तरकुलवा, रामपुर कारखाना और बघौचघाट की पुलिस सक्रिय हो गई।
इस बात की जानकारी स्कार्पियो सवार बदमाशों को लग गई। उन्होंने गाड़ी में रखा आठ हजार रुपये नकद, मोबाइल लेकर भाग गए। पुलिस ने ट्रक को तरकुलवा के मुंडेरा में बरामद कर लिया। गाड़ी में खलासी बेहोशी हालत में था। तरकुलवा पुलिस का कहना है कि घटना कसया की है, केस वहीं दर्ज होगा। सुबह ट्रक चालक भी तरकुलवा पहुंच गया।