देवरिया। नवागत एसपी राजीव मल्होत्रा ने अपने इरादों से महकमे को अवगत करा दिया है। पहले ही निरीक्षण में उन्होंने दरोगा सहित तीन पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया। लापरवाही मिलने पर शहर कोतवाल सहित चार लोगों को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ने रात को ही चार सीओ के कार्यक्षेत्र भी बदल दिए हैं।
मुनीम से लूट के बाद एसपी राजीव मल्होत्रा ने शहर कोतवाल विजय सिंह गौर का सेट से लोकेशन लिया और कोतवाली पहुंच गए। कोतवाल कमरे में भोजन कर रहे थे। एसपी ने कहा कि लूट हुई है, भोजन कैसे अच्छा लग रहा है। जवाब मिला की टीम दबिश में गई है।
एसपी ने कहा कि आप को नेतृत्व करना था। उन्होंने कोतवाल विजय सिंह गौर को लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया। इसके बाद सीधे रामपुर कारखाना थाने पहुंचे। वहां पहरे पर एक होमगार्ड था। कार्यालय में तैनात दरोगा रविंद्र प्रताप यादव ड्यूटी से गायब मिले। थाने की रखवाली होमगार्ड के जिम्मे थी। लापरवाही उजागर होने पर दरोगा को सस्पेंड कर दिया। तरकुलवा पहुंचे लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही सूचना चली गई। वहां सब कुछ ठीक मिला। बरहज इलाके में यूपी 100 में तैनात रामाश्रय यादव को दुकानदारों से मीट और रुपये लेने के आरोप में निलंबित किया गया तो डीआईजी के कहने पर कोतवाली में तैनात सुभाष को सस्पेंड किया गया।