एटीएम से रकम निकालने गई महिला से उच्चका दस हजार रुपये छिनकर ले भागा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और घटना की जानकारी दी। दिनदहाड़े हुई घटना से महिला सहम गई। उन्होंने कंट्रोल रुम को सूचना देने की कोशिश की लेकिन फोन नहीं मिला। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। कोतवाली थानाक्षेत्र के राघवनगर सीसी रोड निवासी माधुरी मिश्रा शनिवार की सुबह कोतवाली रोड के पीएनबी बैंक के एटीएम से रकम निकालने गईं थीं। उनके पीछे एक युवक खड़ा था। महिला ने दस हजार रुपये की निकासी की। इसी बीच बगल में खड़ा युवक महिला के हाथ से दस हजार रुपये ले भागा। जबकि कुछ लोगों का कहना है कि रकम निकालने के लिए महिला ने युवक से सहयोग मांगा। रकम भरने के बाद युवक ने कहा कि सर्वर डाउन हो गया है। महिला पीछे हटी तो उसके खाते से दस हजार रुपये की निकासी हो गई। जानकारी होने के बाद महिला ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर भीड़ जुट गई। उच्चके की लोगों ने खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। कोतवाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच में एटीएम में लगे सीसीटीवी की मदद ली जाएगी।