सिवान जिले के चकरी गांव स्थित ससुराल गए युवक की लाश गांव के बाहर ताल में बुधवार को मिली। परिवारवालों ने युवक की हत्या का आरोप लगाया है। युवक ने युवती से अंतरजातीय विवाह किया था। पुलिस ने युवक की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मईल थाना क्षेत्र के इशारू गांव निवासी पिंटू राजभर (30) सिवान के दरौली थाना क्षेत्र के चकरी गांव में रहकर एक व्यक्ति का ट्रैक्टर चलाता था। इस दौरान चकरी गांव के केदार प्रसाद की लड़की किरन से उसकी नजदीकी हो गई। उसने छह माह पूर्व उसने किरन के साथ भागकर शादी कर ली। मंगलवार को पिंटू अपनी पत्नी किरन के साथ ससुराल चकरी गांव पहुंचा। रात में दोनों भोजन करने के बाद सोने चले गए। सुबह लोगों ने गांव के बाहर ताल में पिंटू की लाश देखी। इसकी जानकारी मिलते ही गांव वालों की भीड़ जुट गई। युवक के शरीर पर कही भी चोट का निशान नहीं थे। सूचना पर पहुंची दरौली पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने युवक की पत्नी का बयान दर्ज किया। पुलिस को किरन ने बताया कि मुझसे विवाद करने के बाद वह गुस्से आ गए और जहर खाकर आत्महत्या कर ली। लेकिन यह बात पुलिस और लोगों के गले नहीं उतर रही है। लोगों ने युवक की हत्या की आशंका जाहिर की है। वहीं युवक की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां प्रभावती देवी अपने रिश्तेदारों के साथ दरौली थाने पर पहुंची और उसके ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाने लगी। इस बाबत दरौली एसओ अशोक कुमार ने बताया कि युवक के शरीर पर चोट नहीं है। इसकी वजह से कुुछ कहना ठीक नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजहों की जानकारी होगी।