भाजपा के प्रदेश मंत्री जयप्रकाश निषाद के वाहन पर गिरा पेड़ और गाड़ी के पास खड़े जयप्रकाश निषाद
भाजपा के प्रदेशमंत्री और रुद्रपुर के पूर्व विधायक जयप्रकाश निषाद की गाड़ी पर पेड़ गिर गया। पूर्व विधायक की सफारी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी का चालक घायल हो गया है। पूर्व विधायक को मामूली चोट आई है। घटना रविवार के दोपहर दो बजे की है।
पूर्व विधायक अपने समर्थकों के साथ किसी निमंत्रण में जा रहे थे। रुद्रपुर गौरीबाजार मार्ग पर एक निजी स्कूल के पास जैसे ही विधायक की गाड़ी पहुंचीं, सड़क के किनारे लगा इमली का पेड़ बीच से टूट कर विधायक की गाड़ी पर गिर गया। पेड़ गिरते ही गाड़ी अनियंत्रित हो गई। गाड़ी का शीशा चकनाचूर हो गया।
गाड़ी चालक जगदीश के शरीर में कई जगह शीशा चुभ गया। वह बुरी तरह घायल हो गया है। हालांकि चालक के प्रयास गाड़ी नियंत्रण में आ गई। पूर्व विधायक को मामूली चोट आई है। वहीं गाड़ी में बैठे उनके समर्थकों को भी मामूली चोट आई है। राहगीरों ने चालक को अस्पताल पहुंचाया। सड़क के किनारे लगा इमली का पेड़ बीच से रोगग्रस्त होकर खोखला हो गया था। पछुवा हवा के तेज झोके से वह एकाएक टूट का गाड़ी पर आ गिरा।