शौच करने गई किशोरी के साथ गांव के एक युवक ने दुष्कर्म किया। घर पहुंची किशोरी ने इसकी जानकारी अपने मां-बाप को दी। इसको लेकर लड़की और लड़के के घर वालों के बीच कहासुनी भी हुई। पुलिस ने इस मामले में युवक पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
लार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी सोमवार की शाम करीब सात बजे घर से शौच करने के लिए निकली। आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद गांव का एक युवक उसे जबरन उठा ले गया और दुष्कर्म किया। एक घंटे बाद घर पहुंची किशोरी ने इसकी जानकारी घर वालों को दी। किशोरी के घर वाले युवक के घर शिकायत लेकर पहुंचे। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और झड़प हुई। किशोरी के पिता ने इसकी शिकायत लार पुलिस से की।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव के भानू साहनी के खिलाफ दुष्कर्म, पोस्को एक्ट और एसीएसटी का केस दर्ज कर लिया। मंगलवार को किशोरी को पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। एसओ ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल जांच के लिए किशोरी को जिला अस्पताल भेजा गया है।