मदनपुर में खुली पंचायत की बैठक के दौरान पुलिस की मौजूदगी में लोग मारपीट करने लगे।
मदनपुर गांव में ग्राम सभा की खुली बैठक के दौरान मारपीट हो गई। प्रधान और पूर्व जिला पंचायत सदस्य के समर्थक आपस में भिड़ गए। राशन कॉर्डों के सत्यापन को लेकर करीब एक घंटे तक माहौल गर्म रहा। मौके पर तीन थाने की पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। हालांकि पुलिस के सामने भी हंगामा चलता रहा।
शनिवार गांव मदनपुर ग्राम सभा की जनता इंटर मदनपुर गोला में खुली बैठक बुलाई गई।
बैठक में पात्र गृहस्थी कॉर्डों का सत्यापन हो रहा था। इस दौरान ग्राम प्रधान तसनीम खां के पति सपा नेता इमरान खान ने अपात्रों को जारी किए कार्ड निरस्त करने को कहा। इस बात को एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य सपा नेता के लोग और प्रधान पक्ष के लोगों में कहासुनी होने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। हाथापाई के बाद मारपीट शुरू होने पर दोनों गुट पूरी तरह आपस में भिड़ गए।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को काबू नहीं कर पाई। पुलिस के सामने भी लोग गुत्थम गुत्थी करते रहे। इस कारण मदनपुर पुलिस को रुद्रपुर और एकौना से अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी। मारपीट कर रहे लोगों को पुलिस थाने ले गई। बवाल एक कोटेदार के घर के सदस्यों के नाम से पात्र गृहस्थी का कार्ड बनने को लेकर हुुआ। थानाध्यक्ष ने कहा कि बैठक में विवाद करने वाले दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर मदनपुर गांव तनाव बना है।