सलेमपुर। चुनावी रंजिश में छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। इससे भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस को देख मारपीट करने वाले छात्र भाग निकले। पुलिस ने घायल युवक का इलाज सीएचसी पर कराया।
मारपीट के बाद कॉलेज की छुट्टी कर दी गई। एसडीपीजी कॉलेज मठ लार में छात्रसंघ अध्यक्ष पद के पराजित प्रत्याशी विजय सिंह का रावतपार गांव निवासी निहाल सिंह समर्थक है। वह किसी काम से विजय से मिलने कॉलेज पर आया था। छात्रसंघ के चुनावी रंजिश को लेकर छात्रों का दो गुट भिड़ गए। दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चले। छात्र और कर्मचारी कमरे में छिप गए।
छात्रसंघ अध्यक्ष समर्थकों ने निहाल का सिर फोड़ दिया। वहीं दूसरे पक्ष के युवक बरडीहा दलपत गांव निवासी मुन्ना यादव को भी चोटें आई हैं। मारपीट के बाद कॉलेज में सन्नाटा छा गया। लार नगर के चौकी इंचार्ज जीतेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।