बघौचघाट। उपस्थिति रजिस्टर को लेकर पथरदेवा इंटर कॉलेज में एक बार फिर शिक्षकों के बीच मारपीट हो गई। अफरातफरी के बीच कई घंटे पठन-पाठन बाधित रहा। विवाद के बाद छात्र भागने लगे। घटना के पीछे तरकुलवा पुलिस की लापरवाही सामने आई। क्योंकि तीन दिन पहले भी इंटर कॉलेज में मारपीट हुई। दोनों तरफ से तहरीर पड़ी थी। केस तो दूर पुलिस ने जांच तक नहीं की थी। विवाद के बाद मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर के साथ भी लोगों ने नोकझोक किया।
किसी तरह मामला शांत हुआ। दोनों तरफ के लोगों ने फिर से थाने में तहरीर दी है। बुधवार को आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज पथरदेवा के प्रधानाचार्य विजय प्रताप श्रीवास्तव कॉलेज पहुंचे और प्रार्थना की तैयारी में जुट थे। इसी दौरान कुछ वित्त विहिन शिक्षक पहुंचे और उपस्थिति रजिस्टर की मांग करने लगे। उन्होंने बताया कि सोमवार को कॉलेज में हुई मारपीट की घटना की जांच होनी बाकी है।
इंस्पेक्टर तरकुलवा आएंगे तभी कमरे का ताला खुलेगा। इसी बात से लोग नाराज हो गए और मारपीट शुरू कर दी। थोड़ी देर में दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। भगदड़ मच गई। छात्र कमरे में दुबक गए, कुछ बाहर भी निकल गए। सूचना पाकर इंस्पेक्टर राजाराम फोर्स के साथ विद्यालय पहुंचे। शिक्षक उनसे भी उलझ गए। इंस्पेक्टर नोकझोंक में उलझे रहे।
किसी तरह मामला शांत हुआ। तीन दिन पहले मारपीट की घटना को अगर पुलिस ने गंभीरता से लिया होता तो दूसरी बार मारपीट की नौबत तक नहीं आती। दूसरी बार घटना होने से पुलिस के पास कोई जवाब नहीं है। इंस्पेक्टर राजाराम यादव ने कहा कि विद्यालय में अपसी रंजिश है। मारपीट की जांच की जा रही है।