देवरिया। एसपी को चांदी का ब्रेसलेट नजराना के रूप में पेश करना युवक को महंगा पड़ा। एसपी मोहम्मद इमरान ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। कई घंटे कोतवाली में बैठाए जाने के बाद उसे शांतिभंग में चालान किया गया। मामला कुछ यूं है।
कुछ दिनों पहले सलेमपुर के औरंगाबाद निवासी मोहम्मद हुसैन सिद्दीकी ने अपनी जमीन बेची थी। युवक की मानें तो क्षेत्र के कुछ गो तस्कर रंगदारी मांग रहे थे। तहरीर देने के बाद भी स्थानीय पुलिस ने जब कोई कार्रवाई नहीं की तो गुरुवार को वह फरियाद लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा। सूत्रों ने बताया कि युवक ने एसपी मोहम्मद इमरान से सलेमपुर केस नहीं दर्ज करने की शिकायत की।
यहां तक तो ठीक था, लेकिन एसपी को प्रभावित करते हुए उन्हें ‘सलमान खान’ बताने लगा और हाथ में पहने चांदी की ब्रेसलेट निकाल कर उनकी ओर बढ़ा दिया। बोला, ये ले लीजिए और मुकदमा दर्ज करा दीजिए। यह देख कर एसपी दंग रह गए और पुलिस को बुलाकर उसे पकड़वा दिया। उसने बताया कि उसके क्षेत्र के मनोज नाम व्यक्ति पुलिसवालों को दावत देते हैं।
उन्होंने ही मुझसे कहा था कि एसपी साहब से बात हो गई, जाकर मिल लो। पुलिस उसे एसपी कक्ष से बाहर ले आयी और दनादन तीन-चार थप्पड़ रसीद की। यह देखकर एसपी कार्यालय में मौजूद अन्य फरियादी सकपका गए। लोगों की बढ़ती भीड़ देख कोतवाली पुलिस उसे थाने ले आई। बाद में उसे शांतिभंग में चालान कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि युवक नशे में था, लेकिन उसके इरादे से एक बात साफ हो गई है कि थाने में पीड़ितों की सुनवाई नहीं हो रही।