खुखुंदु पुलिस ने डेहरी चौराहा पर युवक को धमका कर सोने का चेन लूटने के आरोप में समाजवादी पार्टी के छात्र सभा के प्रदेश सचिव समेत दो लोगों पर केस दर्ज किया है। खुखुन्दू थाना क्षेत्र के डेहरी गांव निवासी प्रणव कुमार तिवारी मंगलवार को सलेमपुर के एक ज्वैलरी की दुकान से 50 हजार का सोने का चेन खरीदकर घर के लिए बस से रवाना हुए। शाम करीब 5.30 बजे वह गांव के चौराहे पर बस से उतरकर घर के लिए चल दिए। उनका आरोप है कि चौराहे पर पहले से मौजूद छात्रसभा के प्रदेश सचिव पवन यादव और उसके चचेरे भाई पंकज यादव ने अपने एक साथी की मदद से उसे मारपीट कर हाथों से बैग छीन लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। युवक की तहरीर पर पुलिस ने पवन और पंकज पर लूट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है। पुलिस के इस कार्रवाई के बाद आरोपी घर से फरार है। इस बाबत खुखुन्दू एसओ अंशुमान यदुवंशी ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।