सडक हादसे में खुखुन्दू के धोबी गांव के समीप कार और ट्रक के आमने सामने टक्कर में क्षतिग्रस्त कार से सतीश चन्द्र मिश्र के शव को निकालती पुलिस।
खुखुंदू थानाक्षेत्र के धोबी गांव के पास शुक्रवार की आधी रात को ट्रक की की टक्कर से चार पहिया सवार स्कूल व्यवस्थापक की मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए थे। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया।
सदर कोतवाली के अहिलवार के रहने वाले परशुराम मिश्र के 35 वर्षीय पुत्र सतीश चंद्र मिश्र एमजी एकेडमी साकेतनगर के व्यवस्थापक थे। वह एक न्यूज चैनल में भी काम करते थे। शुक्रवार की शाम को वह घर से कोतवाली जाने की बात कहकर अपने कार से निकले। बताया जा रहा है कि वह सलेमपुर कोतवाली में किसी काम के लिए गए हुए थे। वह आधी रात को वहां से लौट रहे थे।
अभी वह खुखुंदू के धोबी गांव तक पहुंचे थे कि सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में घटनास्थल पर ही सतीश की मौत हो गई थी। संयोग से वहां क्रिकेट का डे-नाईट मैच चल रहा था। मैच खेल रहे बच्चों ने तेज आवाज सुनी तो घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। स्थिति देखकर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सतीश के शव को बाहर निकाला। तेज आवाज सुनकर रात को ही आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग भी मौके पर पहुंच गए थे। एसओ खुखुंदू का कहना है कि कार और ट्रक की टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में फंसे शव को बाहर निकाला गया। केस दर्ज कर टक्कर मारने वाले ट्रक को खोजा जाएगा।