बाइक सवार को बचाने के चक्कर में रोडवेज की अनुबंधित बस बीच सड़क पर पलट गई। इस हादसे में 19 लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई।
रविवार की सुबह साढे़ दस बजे के करीब देवरिया से सवारी लेकर अनुबंधित बस कसया की तरफ जा रही थी। तरकुलवा, कंचनपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंची थी कि अचानक बाइक सवार गाड़ी के आगे पहुंच गया। चालक ने बाइक सवार को बचाने की कोशिश की, अचानक ब्रेक लगाने से बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। यात्री शीशा तोड़कर बाहर निकले। सड़क पर चीखपुकार मच गई। दोनों तरफ से जाम लग गया।
तीन एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में पचफेड़ा के विनोद सिंह, बरेली के बंटू सिंह, सतीश सिंह, पिपराचंदभान के इंदू देवी, सुरेश उपाध्याय, अंसारी रोड निवासी अवनिंद्र चौरसिया, उमानगर के विजयशंकर सिंह, रितेश, विश्वकर्मा सिंह, इसरावती देवी, मछैला के रंभा देवी, मुंसफकालोनी के सतीश, परसिया मल्ल के गोमती पांडेय, कुबेर स्थान सरैया के सिप्पू, बैरौना के विमलावती, सिमरन, दीपा जबकि सलेमपुर के रितेश घायल हुए हैं। बस में कुछ 32 लोग सवार थे। बाद में पुलिस ने बस को रोड से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।