सलेमपुर। मंदिर के अंदर गेंद जाने का विरोध करने पर युवकों ने पुजारी की पिटाई कर दी। जानकारी मिलने पर गांववालों की भीड़ जुट गई। घायल पुजारी का इलाज प्राइवेट चिकित्सक के यहां हुआ। पुलिस ने इस मामले में युवकों पर केस दर्ज कर लिया है। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा सलेमपुर गांव में महाकालेश्वर मंदिर है।
यहां पर दिगंबर बीर भारती पुजारी के रूप में कार्यरत हैं। मंदिर के पास शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे गांव के एक समुदाय के युवक क्रिकेट खेल रहे थे। उस दौरान गेंद मंदिर के अंदर चली गई। पुजारी ने विरोध करते हुए गेंद लेने के लिए आए युवक को भला-बुरा कह दिया। इससे नाराज सभी युवक मंदिर में पहुंच गए और पुजारी के साथ मारपीट करने लगे। इसकी जानकारी होने पर गांववालों ने पुलिस को सूचना दे दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख मारपीट करने वाले युवक भाग गए।
पुजारी ने कोतवाली पुलिस को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि प्रत्येक दिन युवक क्रिकेट खेलते हैं और मंदिर के अंदर गेंद आता है। विरोध करने पर अपशब्द बोलते हैं। पुलिस ने जद्दू, भोलर, अफजाल का बेटा, श्री टेलर्स का बेटा समेत 30 अज्ञात लोगों पर बलवा और मंदिर में घुसकर मारपीट करने का केस दर्ज हुआ है। कोतवाल रफीक अहमद ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।