प्रधानाचार्य और उनके भाई की हत्या के सूत्र बलिया और बिहार में पुलिस तलाश रही है। शनिवार को बलिया जाकर पुलिस ने पीड़ित परिवार से कई और बिंदुओं पर जानकारी हासिल की। पुलिस दोहरे हत्याकांड के तार कॉलेज से ही जोड़कर देख रही है। तीन दिन बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। बलिया, फेफना थाना क्षेत्र के खलीलपुर गांव निवासी रामजीत सिंह स्वामी देवानंद इंटर कॉलेज मठ लार में प्रधानाचार्य थे। तीन दिन पूर्व गुरुवार को कॉलेज से घर जाते समय बाइक सवार बदमाशों ने रेवली ढाले के समीप प्रधानाचार्य और उनके भाई को गोलियों से भून दिया था। इस मामले में पुलिस कॉलेज के प्रबंधक, कार्यवाहक प्रधानाचार्य और पत्नी राजश्री सिंह समेत आठ लोगों पर हत्या व षडयंत्र करने का भी केस दर्ज कर लिया है। पुलिस कॉलेज से जुड़े कई आरोपियों से पूछताछ भी कर चुकी है। शनिवार को बलिया और बिहार के कई स्थानों पर पुलिस ने दबिश भी दी। लेकिन तीन दिन बाद भी पुलिस को कोई भी ऐसी जानकारी नहीं मिली है जो कातिलों के गिरेबान तक पहुंचा सके।