छेड़खानी के पुराने विवाद में मंगलवार को कुछ लोगों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। मामला कोतवाली के देवरही मंदिर के समीप का है। आरोपी, युवक पिटाई करने के बाद घायल को अपने साथ लेकर चले गए। जानकारी होने पर घायल युवक के घरवाले मोहल्ले के अन्य लोगों के साथ पहुंच गए। दोनों मोहल्ले के लोग लामबंद हो गए। असलहों के प्रर्दशन और दो संप्रदाय के बीच विवाद की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। घायल युवक ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।मंगलवार को कोतवाली के देवरही और इलाही टोला के रहने वाले लड़कों के बीच विवाद शुरू हुआ। बाद में दोनों मोहल्ले के सैकड़ों लोग आपस में भिड़ गए। आरोप है कि छेड़खानी के पुराने मामले में विरोध करने पर इलाही मोहल्ला के रहने वाले कुछ लोगों ने वैभव सिंह की पिटाई कर अपने साथ लेकर चले गए। जानकारी होने पर देवरही टोला के सैकड़ों लोग वैभव के पक्ष में इलाही मोहल्ले में पहुंचे। विवाद के बाद तलवार और तमंचे का प्रदर्शन शुरू हो गया। दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे पर हमले की तैयारी में जुए गए। विवाद दूसरा रुप ले रहा था। मामले की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद को शांत कराने की कोशिश की। घायल वैभव ने इलाही मोहल्ले के रहने वाले पांच लोगों के खिलाफ नामजद मारपीट कर अगवा, लूट की तहरीर दी। लेकिन पुलिस मामले को आपसी विवाद बता रही है। कोतवाल का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।