नाली में पानी गिराने को लेकर दो पक्षों के बीच मंगलवार को मारपीट हो गई। रिटायर्ड फौजी और उनकी पत्नी पर नाराज लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर जख्मी कर दिया। इस दौरान दूसरे तरफ से भी कुछ लोग घायल हो गए। विवाद की सूचना खुखुंदू पुलिस को दी गई। आरोप है कि पुलिस समय से मौके पर नहीं पहुंची। दोनों तरफ से घायल लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने के कारण फौजी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। आरोप है कि पुलिस ने मामले का अल्पीकरण करते हुए आरोपियों के खिलाफ एनसीआर दर्ज किया है। खुखुंदू थानाक्षेत्र के नरायनपुर गांव निवासी रामनाथ गिरी सेना में जवान थे। रिटायर होने के बाद गांव पर रह रहे रामनाथ का बगल के कुछ लोगों के साथ जमीन और नाली का विवाद चल रहा था। मंगलवार की सुबह दूसरे पक्ष के लोगों ने रामानंद गिरी को नाली में पानी गिराने से मना कर दिया। विरोध के कारण दोनों पक्ष के लोग लामबंद हो गए। कुछ लोगों ने रामनाथ गिरी पर जानलेवा हमला कर दिया। धारदार हथियार से हमले में रामनाथ गिरी, सुनीता सहित तीन लोग गंभीर रुप से जख्मी हो गए। मारपीट में दूसरे तरफ से भी कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। लोगों का कहना है कि विवाद की सूचना पुलिस को दी गई। लेकिन मौके पर कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा। घायल पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने कुछ लोगों पर एनसीआर दर्ज कर लिया। शाम चार बजे के करीब रामनाथ के मेडिकल कॉलेज रेफर होने के बाद एसओ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि विवाद की सूचना पर पुलिस गई थी। जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।