दरौली में दिनदाहाड़े एक युवक को गोली मारकर पट्टीदारों ने हत्या कर दी। गोली चलने की वजह विवादित खेत से जबरन धान की फसल काटना बताया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। इस घटना से गांव में तनाव फैल गया है। देर शाम तक पुलिस गांव में जमी रही।सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के खानपूना गांव निवासी रामविलास सिंह और रविन्द्र सिंह पटट्ीदार है। दोनों लोगों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर सीवान न्यायालय में विवाद लंबित था। इस विवादित खेत में दिन में करीब 2 बजे रविन्द्र सिंह पक्ष के लोग पहुंचे और जबरन धान की फसल काटने लगे। यह देख रामविलास सिंह भी खेत में पहुंच गए और धान की फसल काटने से रोकने लगे। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच खेत में विवाद हो गया। इसी बीच रविन्द्र पक्ष की ओर से रामविलास 40 को गोली मार दी गई। सीने में गोली लगते ही रामविलास जमीन पर गिर गया। घर वाले उसे जिला अस्पताल सीवान लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इस सदर पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। इस बाबद दरौली एसओ बीरेन्द्र राम ने बताया कि दो युवकों हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर लिया जाएगा। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।