देवरिया। एक दिन पहले खुखुंदू इलाके में सेना की वर्दी में देखे गए पांच संदिग्धों के मामले में शुक्रवार को भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। इनका सामना करने वालों में से एक का कहना है कि नजदीक पहुंचने की कोशिश पर संदिग्धों ने गोली मारने की धमकी दी थी। इनके बारे में जानकारी जुटाने के लिए एटीएस टीम भी इलाके में सक्रिय हो गई है।
बृहस्पतिवार देर रात संदिग्ध वर्दीधारियों की इलाके में सक्रियता की जानकारी लखना परसिया के सर्वेश, भीखमचौरा के बबलू ने दी थी। कहना था कि सेना की वर्दी में नजर आए इन लोगों की पीठ पर बैद और गन थीं। पुलिस को 100 नंबर पर रिंग करके सूचना दी तो एसओ, सीओ ने प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी लेकर कांबिंग कराई लेकिन कोई हाथ नहीं आया।
एसपी ने भी चश्मदीदों से से पूछताछ की। इस बीच सर्विलांस के जरिए इलाके में सक्रिय रहे नए फोन नंबरों के जरिए भी पड़ताल की जा रही है। रात से एटीएस की टीम भी इलाके में मौजूद है। स्थिति स्पष्ट न होने के कारण लखना परसिया, भीखमचौरा के अलावा यूपी-बिहार बॉर्डर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। एसपी मोहम्मद इमरान का कहना है कि पुलिस अलर्ट है। हकीकत जानने की कोशिश जारी है।