डुमरियागंज। थाना क्षेत्र के प्रानपुर गांव में गुरुवार की रात छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने लाखों के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। भागते समय बर्तन गिरने की आवाज सुनकर परिजन जागे तो चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। मामले की छानबीन जारी है।
प्रानपुर गांव निवासी जगराम का पुत्र मुंबई में रहकर कारोबार करता है। इन दिनों वह घर आया हुआ है। गुरुवार की रात परिवार के लोग सोने चले गए। जगराम घर के बाहर बरामदे में और फूलचंद छत पर सो रहा था। वहीं, उसकी मां और बहन घर के अंदर एक कमरे में सो रही थी। रात में चोर घर के पीछे की दिवार से छत पर चढ़कर सीढ़ी के रास्ते कमरे में घुस गए।
वहां एक बड़े बक्से की कुंडी तोड़कर उसमें रखा जेवरों से भरा बैग उठा कर चलते बने। इसी दौरान चोर का पैर वहां रखे बर्तन से टकरा गया, जिसकी आवाज सुनकर बाहर सो रहे जगराम की नींद खुल गई। दरवाजा खोलने के लिए अपनी पत्नी को आवाज देने लगा। इधर आवाज सुनकर चोर छत पर चढ़कर वहां से फरार हो गए।
घरवालों ने छानबीन की तो बक्से की कुंडी टूटी थी और आभूषण से भर बैग छत पर खाली हाल में फेंका मिला। पीड़ित जगराम ने थाने पर तहरीर देकर करीब 3 लाख के आभूषण चोरी होने की बात कही है। इस संबंध में डुमरियागंज के प्रभारी थानाध्यक्ष हवलदार सिंह यादव ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। हलका के एसआई से पता करवा रहे हैं। जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।