भाटपाररानी (ब्यूरो)। बैंक में रुपया जमा करने जा रहे मुनीब को पिस्टल दिखाकर बदमाशों ने करीब ढाई लाख रुपये लूट लिए। यूपी-बिहार सीमा विवाद में पुलिस उलझ रही और बदमाश भागने में सफल हो गए। लेखपाल बुलाकर सीमा विवाद को सुलझाया गया
।
तब पता चला घटना बिहार सीमा के भीतर हुई है। बनकटा थानाक्षेत्र के प्रतापपुर में सर्वजीत सिंह की देसी शराबी की दुकान है। कस्बे के गौरीशंकर मुनीब हैं। शुक्रवार दोपहर वह जीप से बिहार के मैरवा स्थित एक बैंक की शाखा में दो लाख 23 हजार रुपये जमा करने जा रहे थे।
बनकटा के नरही पुलिया के आगे बाइक सवार दो बदमाशों ने जीप रोक ली और गौरीशंकर पर पिस्टल तान दी। झोले में रखे रुपये लेकर बिहार की तरफ भाग निकले। घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। बनकटा पुलिस पहुंची और घटना स्थल बिहार में बता दिया। बिहार पुलिस ने भी जांच से इंकार कर दिया।
दो प्रदेश के सीमा विवाद में पुलिस उलझ गई। सीओ सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि घटना स्थल बनकटा में नहीं है। सीमांकन हुआ तो घटना स्थल यूपी बॉर्डर से दूर अस्सी मीटर अंदर निकला। बिहार पुलिस लूट के मामले की जांच करेगी। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है।