मां और बेटे की मौत पर उसके ननिहाल गाजीपुर भैंसही में रोते घरवाले और दरवाजे पर मौजूद लोग।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। निबही गांव में शौचालय के टैंक में गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई। शौच को जा रही महिला जर्जर टैंक का ढक्कन टूटने से उसमें गिर गई। शौचालय के टैंक में मां को तड़पता देखकर बेटा बचाने के लिए कूद पड़ा। शौचालय के टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से दोनों मौत हो गई। निबही गांव के रहने वाले परवेज सऊदी अरब में रहते हैं।
घर पर छोटे भाई जुनैद के बेटे शहनवाज की शनिवार को मदनपुर में बारात जाने वाली थी। पूरा घर बारात ले जाने की तैयारी में जुटा था। करीब नौ बजे परवेज की 45 वर्षीय पत्नी शाहिदा घर के आंगन से सटे शौचालय में शौच के लिए जा रही थी। आंगन में शौचालय की टंकी बनी है। करीब एक फीट तक टंकी का ढक्कन जर्जर हो गया था।
शाहिदा का पैर जर्जर ढक्कन पर पड़ा तो वह शौचालय के टैंक में गिर गई। घरवाले महिला को बाहर निकालने का प्रयास करने लगे। 25 वर्षीय बेटा तबरेज उर्फ सैफ भी मां का हाथ पकड़ कर खींचने लगा। मां का हाथ छूट गया, तब तबरेज मां को बचाने के लिए शौचालय के टैंक में कूद गया। टैंक में जहरीली गैस होने के कारण दो मिनट में ही मां-बेटे की मौत हो गई। लोगों ने टैंक तोड़कर शव निकाला।
टैंक से इस कदर गैस निकल रही थी कि लोगों को चक्कर आने लगे। तबरेज के ननिहाल वाले दोनों का शव लेकर एक किलोमीटर दूरी स्थित गाजीपुर भैंसही लेकर चले गए। घटना से दोनों गांव में मातम छा गया। रविवार को तबरेज के पिता के घर पहुंचने पर शव को दफन किया जाएगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना का जायजा लिया।