सलेमपुर। कुशीनगर के एक युवक ने बंद कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दरवाजा नहीं खुलने पर साथियों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फाटक तोड़ा तो अंदर पंखे से युवक की लाश लटक रही थी। यह देखकर लोग दंग रह गए। युवक की पहचान वोटर आईडी कार्ड के जरिए पुलिस ने की।
कुशीनगर, पटहेरवा थाना क्षेत्र के फाजिल नगर निवासी अजय प्रसाद मद्धेशिया का 22 वर्षीय बेटा दीपक मद्धेशिया सलेमपुर नगर के भठवा धर्मपुर वार्ड में संदीप कुमार के मकान में अपने साथियों के साथ किराए पर रहता था। वह नगर के हरैया वार्ड के प्रिया हेल्थ सेंटर पर कंपाउंडर का काम करता था।
इसके साथ के कुछ युवक दवा बिक्री और अन्य काम करता था। रोज की तरह मंगलवार की सुबह भी सभी साथी हेल्थ सेंटर पर काम करने चले गए। लेकिन दीपक नहीं गया। दोपहर में करीब एक बजे भोजन करने के लिए इसका साथी आरिफ आया तो अंदर से दरवाजा बंद था।
उसने इसके मोबाइल पर कई बार फोन किया और आवाज दी, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। उसने इसकी जानकारी आस-पास के लोगों और मकान मालिक को दी। लोगों ने सीढ़ी के माध्यम से रोशनदार से देखा तो अंदर दीपक की लाश फंदे से लटक रही थी।
इसकी जानकारी लोगों ने कोतवाली पुलिस को दी। वहां पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से फाटक तोड़ा। पंखे की कुंडी में गमछे से लटक रही लाश को नीचे उतारा। युवक के पाकेट से दो मोबाइल और पर्स मिला।
इसकी मदद से पुलिस ने युवक की पहचान की और घर वालों सूचना दी। इस बाबत एसएसआई अशोक कुमार यादव ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या का कारण मालूम नहीं हो पा रहा है।