चुनावी रंजिश में हुई मारपीट और गोलीबारी में दो पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। इनमें से चार को गोली लगी है। गोली लगने से घायलों का इलाज गोरखपुर में चल रहा है।
घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। मारपीट के दौरान दोनो पक्ष से जमकर ईंट पत्थर भी चलाया गया। घटना महराजगंज गांव के सतगढ़ही टोला की है।
घटना की सूचना पर सीओ डॉ अजय कुमार सिंह ने गांव का दौरा किया। पुलिस ने गोबरी यादव की तहरीर पर एक पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है।
सतगढ़ही टोला के हरेंद्र यादव और महेंद्र यादव के परिवार के बीच प्रधान के चुनाव को लेकर रंजिश चल रही थी। बुधवार की सुबह करीब पांच बजे दोनो परिवार की महिलाओं में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
दोनों ओर से ईंट पत्थर और असलहा लेकर लोग भिड़ गए। इस दौरान लाइसेंसी असलहें से फायरिंग की गई। फायरिंग में एक पक्ष के उपेंद्र (40), राकेश (25) सुमन (30 )और पिंटू 28 को गोली लगी है।
वहीं हरेंद्र यादव, ,सरस्वती देवी और गोबरी की पत्नी ऊषा को चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। दूसरे पक्ष के महेंद्र, शैलेष यादव, पन्ने लाल और एक अन्य व्यक्ति घायल बताया जा रहे हैं।
पुलिस ने गोबरी की तहरीर पर महेंद्र यादव, शैलेष यादव सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, हमला बोल कर लाइसेंसी असलहा लूटने सहित सात क्रिमिनल लॉ अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया।
हमलावरों पर हरेंद्र यादव की राइफल लूटने का भी आरोप है। पुलिस आरोपियो की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।