कचहरी के पूर्वी गेट पर बुधवार को सीएचसी तारुन के अधीक्षक की कार ने एक अधिवक्ता को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक कार को एडीएम नगर न्यायालय के सामने खड़ी करके भाग निकला।
मामले की जानकारी पर भारी संख्या में वकील मौके पर जमा गए। उन्होंने आक्रोश जताते हुए कार का शीशा तोड़ दिया। सूचना पर पहुंचे शहर कोतवाल ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। दोनों पक्षों की तहरीर पर केस भी दर्ज कर लिया गया है।
घटना दोपहर 12 बजे की है। अधिवक्ता योगेंद्र प्रताप सिंह उर्फ सोनू किसी कार्य से कचहरी के पूर्वी गेट पर गए थे। उनका आरोप है कि तेज रफ्तार से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
इसके बाद कार को कचहरी स्थित अपर जिलाधिकारी नगर के कार्यालय के सामने खड़ी करके उसका ड्राइवर मौके से भाग गया। इसकी जानकारी होने पर सिविल कोर्ट चौकी प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और सूचना नगर कोतवाल को भी दी।
मौके पर पहुंचे नगर कोतवाल हरिहर नाथ मिश्र व बार अध्यक्ष बब्बन चौबे ने आक्रोशित वकीलों को किसी तरह शांत किया। इसके बाद पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर उसे कोतवाली भेजवाया।
शहर कोतवाल हरिहर नाथ ने बताया कि अधिवक्ता योगेंद्र प्रसाद सिंह की तहरीर पर सीएचसी अधीक्षक डा. वेद प्रकाश तिवारी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मारने व सीएचसी प्रभारी की तहरीर पर वाहन में तोड़फोड़ करने की रिपोर्ट लिखी गई है।