मंडलीय बेसिक बालक्रीड़ा प्रतियोगिता
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे मंडलीय बेसिक बालक्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन गोरखपुर और देवरिया की टीमें आपस में टकरा गईं। इस दौरान दोनों टीमों में हाथापाई भी हुई। स्टेडियम में मौजूद लोगों के बीचबचाव करने पर मामला शांत हुआ। इसके बाद गोरखपुर की टीम वॉकआउट कर गई।
शुक्रवार की शाम चार बजे गोरखपुर और देवरिया की टीम के बीच खो-खो प्रतियोगिता चल रही थी। प्रतियोगिता के समाप्त होने में महज कुछ ही मिनट बाकी था। गोरखपुर की टीम हार रही थी। इसी दौरान गोरखपुर के खेल अध्यापक देवरिया के खेल अध्यापकों से विवाद शुरू कर दिए। तू-तू, मैं-मैं के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गई।
दोनों पक्षों के लोग एक-एक दूसरे को देख लेने की धमकी दे रहे थे। अध्यापकों को भिड़ता देखकर खिलाड़ी भी गुरुजनों के साथ हो गए थे। यह देखकर स्टेडियम में मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे। दोनों पक्षों को समझाकर मामले को शांत कराया। फिलहाल किसी को गंभीर चोट नहीं लगी है। गोरखपुर के खेल अध्यापकों का कहना था कि चूंकि देवरिया में खेल हो रहा है, इसलिए यहां के लोग बेईमानी कर रहे हैं। अपने यहां के खिलाड़ी को जिता रहे हैं।
इस बाबत जब जिला खेल अध्यापक संजय सिंह से बात की गई तो उनका कहना था कि महराजगंज और कुशीनगर जिले के खिलाड़ियों और खेल अध्यापकों को कोई दिक्कत नहीं हो रही है। केवल गोरखपुर के लोगों को खेल में बेईमानी दिख रही है। जबकि यहां ऐसा कुछ भी नहीं है। जो अच्छा खेलेगा वो जीतेगा।