भागलपुर में वर्दी का रौब दिखाकर वाहनों से वसूली करने वाले फर्जी दरोगा की पहचान पुलिस ने कर ली है। फर्जी दरोगा गाजीपुर जिले का रहने वाला है। उसकी पहचान गाजीपुर जिले के मर्दह थाना क्षेत्र के दरियाव गांव निवासी संजय प्रसाद के रूप में की गई है। उसका नाम-पता ढूंढने में पुलिस को एक माह का समय लग गया।एक माह पूर्व मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर चेक पोस्ट से कुछ दूरी पर एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहनकर वाहनों की चेकिंग कर धन उगाही कर रहा था। उधर से गुजर रहे भागलपुर कस्बा निवासी संजय यादव के प्रचार वाहन को फर्जी दरोगा ने रोक लिया और कागजात जांचने के बाद एक हजार रुपये की मांग की। इसको लेकर संजय यादव और फर्जी दरोगा के बीच तकरार हुई थी। शक होने पर संजय ने इसकी सूचना मईल एसओ को दी। मौके पर पहुंचे मईल एसओ पुलिस की वर्दी पहने शख्स को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान वह लगातार पुलिस को चकमा देता रहा और अपना नाम व पता सही नहीं बताया। इसके चलते पुलिस को परेेेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने संजय यादव की तहरीर पर केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेेश किया। कोर्ट के आदेेेश पर उसे जेल भेज दिया गया। इधर पुलिस उसके पहचान के लिए प्रयास कर रही थी। गाजीपुर जिले के थानों में उसकी तस्वीर चस्पा कराई गई थी। उसकी पहचान गाजीपुर जिले के मर्दह थाना क्षेत्र के दरियाव गांव निवासी संजय प्रसाद के रूप में की गई है। इस बाबत मईल एसओ जेपी सिंह यादव ने बताया कि फर्जी दरोगा के नाम पते की पहचान कर ली गई है।