तरकुलवा। जिस युवक की करतूत से एक नाबालिग छात्रा ने शर्मसार होकर खुदकुशी कर ली, उसे गिरफ्तार करना तो दूर पिता की तहरीर के बावजूद मंगलवार शाम तक इस मामले में रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की गई। बेटी की मौत से गमजदा पिता आरोपी पर कार्रवाई की गुहार लगाता फिर रहा है लेकिन एसओ का कहना है कि अभी छानबीन की जा रही है।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में आठवीं की छात्रा को पास के ही गांव निवासी युवक ने प्रेमजाल में फंसाकर यौनशोषण किया। युवक ने शादी का दबाव बनाया तो छात्रा ने परिजनों की सहमति की बात कही। इससे नाराज होकर युवक ने एक दिन अपने साथी की मदद से छात्रा की आपत्तिजनक दशा में ली गईं तस्वीरें उसके स्कूल की दीवारों पर चिपका दीं। एक मई को जब छात्रा को स्कूल में ये तस्वीरें दिखीं तो वह शर्मसार हो उठी। दो मई की शाम जब वह घर में अकेली थी तो फांसी लगाकर जान दे दी।
बेटी की आत्महत्या का कारण पता चलने पर पांच दिन बाद सोमवार को पिता ने थाने में तहरीर दी। पिता ने युवक और उसके साथी को बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इधर, पुलिस की बेपरवाही का आलम ये है कि इस संजीदा मामले में 24 घंटे बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की कार्रवाई का हाल जानने के लिए छात्रा के पिता मंगलवार को थाने के चक्कर लगाते रहे, लेकिन थानाध्यक्ष की अनुपस्थिति की बात कह सिपाहियों ने उन्हें लौटा दिया। पिता का कहना है कि पुलिस मामले में जानबूझकर देर कर रही है ताकि आरोपियों को बचने का रास्ता मिल सके। उन्होंने कहा कि घटना की शिकायत उच्चाधिकारियों से भी करेंगे। इस बाबत तरकुलवा थानाध्यक्ष शशांक शेखर राय का कहना है कि वह अपने स्तर से तहरीर की जांच कर रहे है। पूरी पड़ताल के बाद ही केस दर्ज किया जाएगा।