ट्रेन के आगे कूदकर युवती ने जान दी
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला, झांसी
भटनी-वराणसी रेल खंड पर तुर्तीपार रेलवे स्टेशन के समीप एक युवती ने मालगाड़ी के आगे कूद कर जान दे दी। युवती की शादी हो गई थी लेकिन अभी गवना नहीं हुआ था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मईल थाना क्षेत्र के बलिया दक्षिण गांव की बबली (20) पुत्री सुदर्शन रविवार का परिवारवालों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिससे नाराज होकर वह घर से निकल गई। इसी बीच दिन में करीब 10 बजे भटनी से वाराणसी के तरफ मालगाड़ी जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो युवती ने ट्रेन को आता देख दौड़ने लगी और मालगाड़ी के सामने कूद गई। घटना स्थल पर ही युवती की मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीखपुकार मच गई। परिजनों की मानें तो युवती की शादी एक वर्ष पूर्व सिसई गुलाब राय गांव में हुई थी। लेकिन अभी उसका गवना नहीं हुआ था। वह अपने पिता के घर रहकर क्षेत्र के एक कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रही थी। गांववालों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और छानबीन में जुट गई। इस बाबत मईल इंस्पेक्टर नेहरू ने बताया कि युवती ने पारिवारिक कारणों से आत्महत्या की है। मामले की जांच की जा रही है।