देवरिया। मां के अरमानों पर पानी फेरते हुए बेटी लाखों रुपये के गहने लेकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। दोहरे झटके से मां उबर नहीं पा रही है। रविवार को परिवार वालों ने मोहल्ले के रहने वाले एक युुवक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खामपार के भिंगारीबाजार का एक परिवार साकेत नगर मोहल्ले में किराये के मकान में रहता है। शनिवार रात घर की किशोरी प्रेमी के साथ फरार हो गई। सुबह आलमारी का सामान बिखरा होने के कारण परिवार के लोगों को चोरी की आशंका हुई। लाखों रुपये के गहने आलमारी से गायब थे, बेटी का भी पता नहीं था। परिवार वालों ने उसके मोबाइल पर बात करने की कोशिश की लेकिन फोन बंद मिला। घरवालों ने खोजबीन शुरू की तो पता चला किशोरी मां के गहने लेकर प्रेमी के साथ फरार हो गई है। जानकारी होते ही और रिश्तेदार भी पहुंच गए। लड़की की मां ने बेटी को अगवा किए जाने की तहरीर कोतवाली में दी। इंस्पेक्टर विजय सिंह गौर ने बताया कि लड़की कुछ गहने भी साथ ले गई है। पुलिस खोजबीन कर रही है।