लार। ग्राहक के बैंक अकाउंट से रुपये निकलने के मामले में पुलिस ने केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक और सुरक्षा गार्ड पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 12 दिन बाद एसपी प्रभाकर चौधरी के निर्देश पर की है। इस कार्रवाई से बैंक कर्मियों में खलबली मच गई है।
रोपनछपरा गांव निवासी संतोष कुमार गुप्ता का अकाउंट लार नगर के केनरा बैंक शाखा में है। इनका बैंक अकाउंट हैंककर जालसाजों ने 2.25 लाख रुपये निकाल लिया। चार अप्रैल को बैंक में रकम निकालने गए तो इसकी जानकारी हुई। ग्राहक ने 29 मार्च को इसी बैंक के एटीएम से 3000 रुपये निकाले थे। इस दौरान उसने बैंक के सुरक्षा गार्ड की मदद ली थी। इसका आरोप है कि गार्ड और शाखा प्रबंधक की मिलीभगत से अकाउंट से रुपये निकले हैं। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की। कार्रवाई के बजाए पुलिस ने मामले को नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर पुलिस ने शनिवार को केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक और सुरक्षा गार्ड के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया। इस बाबत एसओ विनोद यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।