सदर कोतवाली, कतरारी गांव के छेरिहवां टोले पर घर में घुसकर नकाबपोश बदमाशों ने एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की वजह लेन देन बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक बाइक बरामद की है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर शराब की तीन बोतलें भी मिली हैं। मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एसपी पंकज कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।सदर कोतवाली, कतरारी गांव के छिरियहवां टोला निवासी राजाराम यादव 45 पुत्र शारदा यादव कारोबारी थे। पुलिस के मुताबिक, वह सूद का काम करते थे। सोमवार की रात वह मकान में परिवार के सदस्यों के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। बगल वाले कमरे में उनकी बेटियां प्रीति (18), पूूजा (16), पिंकी (14), बेटा ललित (6) सो गए। रात में करीब एक बजे बदमाशों ने दरवाजा खुलवाया और राजाराम के दाहिने कान के पास गोली मार दी। गोली लगते ही वह छटपटाने लगे। इस दौरान उनकी बड़ी बेटी की नींद खुल गई। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे भी पीटा। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। पुलिस ने घटनास्थल से बाइक और तीन बीयर की बोतलें बरामद की। घटना की सूचना पर सीओ सुशील कुमार सिंह और इंस्पेक्टर गोपाल त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि लूट की नियत से हत्या नहीं हुई है। मृतक के पाकेट से 30 हजार से अधिक रुपये मिले हैं। एसपी पंकज कुमार का कहना है कि कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।