ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। दोनों युवक बलिया जिले के रहने वाले थे और बहन के घर जा रहे थे। पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है।बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र के ससना बहादुरपुर गांव निवासी विनय (23) और उसका चचेरा भाई धर्मेंद्र सोमवार की सुबह घर से बाइक से निकले। दोनों बहन के घर भाटपाररानी के बड़का गांव जा रहे थे। दिन में करीब 11 बजे मझौलीराज नगर के भगड़ा भवानी के समीप ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में उसके नीचे आ गए। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक और खलासी सड़क के किनारे ट्रक खड़ाकर खेत के रास्ते भाग निकले। दुर्घटना के बाद आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। सीओ नितिन कुमार सिंह और इंस्पेक्टर रामअवतार यादव मौके पर पहुंचे। विनय की जेब से मिले मोबाइल के जरिए घरवालों को हादसे की सूचना दी। घरवालों ने दोनों युवकों की पहचान की। पुलिस ने मृतक धर्मेंद्र के पिता राधेश्याम की तहरीर पर अज्ञात चालक पर केस दर्ज कर लिया है।