रेलवे स्टेशन पर रविवार को चलती ट्रेन से एक महिला कूद गई। खून से लथपथ महिला को लोगों की मदद से जीआरपी के जवानों ने सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने घायल महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यह दुर्घटना गलत ट्रेन पर चढ़ने की वजह से हुई।बरहज थाना क्षेत्र के गड़ौना गांव निवासी संतोष और इसकी पत्नी बीरमती (30) बरहज जाने के लिए स्टेशन पर बरहजिया ट्रेन का इंतजार कर रही थी। सुबह करीब 8.40 बजे लखनऊ से वाराणसी जा रही कृषक एक्सप्रेस स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची। कृषक एक्सप्रेस को बरहजिया ट्रेन समझकर बीरमती ट्रेन में दाखिल हो गई। ट्रेन जब स्टेशन से खुल गई तो महिला को मालूम हुआ कि यह बरहजिया नहीं कृषक एक्सप्रेस है। इससे महिला घबरा गई और चलती ट्रेन से प्लेटफार्म पर कूद गई। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को अन्य यात्रियों के सहयोग से जीआरपी जवानों ने सीएचसी पहुंचाया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस बाबत जीआरपी एसओ राजीव सिंह ने बताया कि बरहजिया ट्रेन समझकर कृषक एक्सप्रेस ट्रेन में महिला दाखिल हो गई थी। जानकारी होने पर वह चलती ट्रेन से उतरने लगी। इससे वह घायल हो गई।