देवरिया। कचहरी के लॉकअप से फरार शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चोरी की बाइक भी बरामद हुई है। उसका एक साथी भी पुलिस की गिरफ्त में है। दोनों से पूछताछ चल रही है। उनके पास से चोरी की कई अन्य बाइक बरामद होने की संभावना जताई जा रही है। लॉकअप से फरार होने के बाद भी शातिर देवरिया में रहा करीब 25 दिनों तक वह पुलिस की आंख में धूल झोककर घूमता रहा। सूत्रों ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी में कुछ बाहरी लोगों को हाथ है।
हालांकि पुलिस मामले को दबाने में लगी है। चोरी के मामले में मेहड़ापुरवा निवासी अनिल सोनकर जिला कारागार में बंद था। 16 मार्च को कचहरी में पेशी थी। करीब 40 से अधिक बंदियों के साथ वह कचहरी के लॉकअप में पहुंचा। पुलिसकर्मियों को झांसा देकर वह मौके से भाग गया। एसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में 14 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
उसकी खोजबीन में क्राइम ब्रांच की टीम भी लगी थी। सूत्रों ने बताया कि मंगलवार की रात कोतवाली पुलिस ने फरार चल रहे अनिल सोनकर को दबोच लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके एक और साथी को पकड़ा। उसके पास से चोरी की बाइक भी बरामद हुई। फरार होने के बाद अनिल सोनकर किसके संपर्क में रहा। पुलिस इस बात का पड़ताल कर रही है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि अनिल को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ चल रही है।