लूट के विरोध में घांटी बाजार में सड़क जाम कर प्रदर्शन करते व्यापारी
ट्रेवेल्स एजेंसी संचालक के साथ हुई लूट की घटना से नाराज व्यापारियों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। दुकानदारों ने अपनी दुुकानें बंदकर घांटी बाजार में सड़क जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर बदमाशों को सह देने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे सीओ शिवनाथ गुप्ता ने तीन दिन के अंदर लुटेरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम खत्म किया। इसकी वजह से भिंगारी-भटनी मार्ग पर साढ़े तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
भटनी थाना क्षेत्र सिंहपुर गांव निवासी मनोज चौरसिया घांटी बाजार में ट्रेवेल्स एजेंसी चलाते हैं। शुक्रवार की रात दुकान बंद कर बाइक से अकेले घर जा रहे थे। रात करीब नौ बजे वह झरनाकुटी के समीप पहुंचे थे कि ओवरटेक करके दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और मनोज के कनपटी पर तमंचे की बट से वार कर दो लाख रुपये लूट लिए। पीड़ित ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। देर रात तक पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी रही। लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने इस मामले में चार अज्ञात बदमाशों पर लूट का केस दर्ज किया है।
घटना से आक्रोशित घांटी बाजार के दुकानदार शनिवार को अपनी दुकानें बंद कर सड़क पर उतर आए। दिन में करीब नौ बजे दुकानदारों ने सड़क जाम कर दिया और एसपी प्रभाकर चौधरी को बुलाने की मांग करने लगे। 12.30 बजे सलेमपुर के प्रभारी सीओ शिवनाथ गुप्ता पहुंचे और सड़क जाम कर रहे लोगों से संपर्क किया। सीओ ने मोबाइल पर एसपी से लोगों की बात कराई और तीन दिन के अंदर लुटेरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए। मामला बढ़ता देख सुरक्षा के दृष्टिकोण से पांच थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही। सड़क जाम करने वालों में जिला पंचायत सदस्य सुमेश्वर नाथ तिवारी, अश्वनी सिंह, दिनेश यादव, घुरना वर्मा, पवन राय, अवधेश, राजेश प्रसाद आदि शामिल रहे।