देवरिया। पथरदेवा पुलिस चौकी के पास परीक्षा देने जा रहे छात्र को मनबढ़ युवकों ने पीट दिया। दादागिरी का आलम यह रहा कि युवक की सड़क पर मनबढ़ों ने तलाश ली और 1700 रुपये छीनकर भाग गए। चौकी पर बैठी पुलिस तमाशा देखती रही थी। मामला भगवा वालों से जुड़ा था। पीड़ित ने कंट्रोल रूम को सूचना दी और थाने में तहरीर।
आरोप है कि इंस्पेक्टर ने मारपीट की मामूली बात कहकर पीड़ित को थाने से भगा दिया। इंस्पेक्टर से दुर्व्यवहार किए जाने से छात्र आहत हो गया। परिजन का कहना है कि कार्रवाई नहीं होने से छात्र सदमे में है। कुशीनगर, पटहेरवां थाना के कटेया मैनुद्दीन गांव निवासी रुस्तम अंसारी पुत्र जाकिर हुसैन बुधवार को विंदवलिया रामदुलारी देवी महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा देने जा रहा था। दोपहर एक बजे के करीब पथरदेवा बाजार के पास बाइक ओवरटेक करने को लेकर बाइक सवार दो युवकों से विवाद हो गया।
आरोप है कि फोन पर बाइक सवार मनबढ़ों ने कुछ और साथी को पथरदेवा पुलिस चौकी के पास बुला लिया। आगे बढ़कर मनबढ़ों ने रुस्तम अंसारी की बाइक बीच सड़क में रोक दी। नाम पूछा और पीटना शुरू कर दिया। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने बीचबचाव की कोशिश की तो मनबढ़ उनसे भी उलझ गए। चौकी के समीप की घटना में पुलिस तमाशबीन बनी रही। आरोप है कि मनबढ़ 1700 रुपये भी छीन ले गए। यूपी-100 की गाड़ी पहुंची और घायल को थाने पहुंचाया।
छात्र ने हियुवा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य के बेटे पर मारपीट का आरोप लगाया है। तरकुलवा पुलिस ने कहा कि मारपीट हुई है। जांच की जा रही है। मामला हियुवा से जुड़ा है। ऐसे में पुलिस बैकफुट नजर आ रही है। हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष मुन्ना राय ने कहा कि विवाद की जानकारी नहीं है।