असलहे के बल पर युवक को लूटा
सलेमपुर के पिवकोल रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई वारदात
बाइक लूटी, नकदी और मोबाइल छीना, असलहे की बट से जख्मी किया
अमर उजाला ब्यूरो
सलेमपुर। पिवकोल रेल क्रॉसिंग के पास रविवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने युवक को असलहे के बल पर धमका कर नकदी और बाइक लूट ली। विरोध करने पर असलहे के बट से प्रहार कर उसे जख्मी कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के लोहरा बभनौली गांव निवासी हारून अली पुत्र अरशद बाइक से भटनी रेल टिकट बनवाने गया था। वह शाम चार बजे सलेमपुर जा रहा था। पिवकोल रेल ढ़ाले के पास पहले से मौजूद एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। पिस्टल के बट से मारकर उसे घायल कर दिया। घायल युवक के पास मौजूद 600 रुपये नकद, मोबाइल व बाइक लूट फरार हो गए। घायल का इलाज स्थानीय निजी चिकित्सालय में कराया गया। सूचना पर पहुंची डायल 100 पुलिस व कोतवाल ने छानबीन की। इस बाबत कोतवाल श्याम बिहारी ने बताया कि सूचना मिली है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।