खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मझौवा गांव में शराब के नशे में उत्पात मचाने और युवक पर फायर झोंकने वाले को पुलिस ने मारपीट, हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। उसके शस्त्र के निरस्तीकरण के लिए रिपोर्ट भी तैयार कर एसपी को भेजा है। मझौवा गांव निवासी अमोला प्रसाद गुरुवार की शाम को शराब के नशे में धुत होकर गांव में उत्पात मचाया था। गांव के रवि कुमार ने विरोध किया तो शराबी उलझ गया। घटना के समय लोगों ने दोनों को समझा बुझाकर हटा दिया। बाद में अमोला अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर हंगामा करने लगा। रवि ने असलहा छीनना चाहा तो उसने फायर झोंक दिया। रवि बाल बाल बच गया। पुलिस ने रवि की तहरीर पर आरोपी अमोला प्रसाद के खिलाफ केस दर्ज किया था। प्रभारी निरीक्षक परमाशंकर यादव ने कहा कि आरोपी को जेल भेज दिया गया और उसके शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी भेज दी गई है।