खलिहान में रखा 200 बोझ गेहूं और फसल जली
अमांव गांव में झाड़ियों में लगाई गई आग से खेत में पहुंची चिंगारी
अमर उजाला ब्यूरो
करुअना। क्षेत्र के अमांव गांव के पास एक बगीचे में जलाई गई आग से उठी चिंगारी ने खलिहान में रखा गेहूं का करीब 200 बोझ और खड़ी फसल जल गई। काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। अमांव गांव के एक बगीचे में महुआ के पेड़ के नीचे झाड़-झंखाड़ उगा था। कुछ लोगों झाड़ियां काटकर उसमें आग लगा दिया। तेज हवा के कारण उसमें से उठी चिंगारी से गेहूं कटे खेत के डंठल में आग पकड़ लिया। लोग जब तक कुछ समझ पाते, आग विकराल हो गई। आग भैदवां, ब्रह्मचारी, नरियांव, गुलरिया आदि गांवों के खेतों तक पहुंच गई। किसी ने इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दिया। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की मदद से घंटों की जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से गुलहरिया निवासी शिवबचन का खलिहान में रखा 200 बोझ और भोला यादव को 20 बीघा गेहूं की फसल जल गई। एसडीएम विनीत सिंह ने बताया कि हलका लेखपाल को आंकलन के लिए भेजा गया है। आग लगाने वालों की पहचान कराई जा रही है।