बरहज के मरकड़ा पुल के समीप मिले नरकंकाल के पास से मिले कपड़े की पहचान कराते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
मगहरा। सूखे कसिली नाले के किनारे झाड़ी में बृहस्पतिवार को नरकंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। पास में मौजूद कपड़े से परिजनों ने इसकी पहचान भलुअनी थाना क्षेत्र के मानू बरवां गांव निवासी रमायन यादव (60) के रुप में की। हालांकि, पुलिस अभी जांच के बाद इसकी पुष्टि की बात कह रही है।
शाम करीब पांच बजे महुईं संग्राम गांव के कुछ युवक नाले में मछली पकड़ रहे थे। इस दौरान इनकी नजर झाड़ियों में पड़े कंकाल पर पड़ी। शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जुट गई। नरकंकाल के पास खोपड़ी, टूटी हड्डियों के अलावा पास में एक लाठी, कुर्ता, लुंगी और एक पैैर का प्लास्टिक का जूता पड़ा मिला। सूचना पाकर भलुअनी और खुखुंदू पुलिस पहुंची। काफी देर तक सीमा विवाद बना रहा। बाद में घटनास्थल खुखुंदू क्षेत्र में होने पर खुखुंदू पुलिस ने छानबीन शुरू की। लाठी और कुर्ते आदि से नरकंकाल भलुअनी थाना क्षेत्र के मानू बरवां गांव निवासी रमायन यादव उम्र 60 का होने की आशंका जताई जा रही है। एसओ खुखुंदू भूपेंद्र सिंह ने बताया कि नरकंकाल का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसके पास मिले सामानों से परिजन उसकी पहचान रमायन यादव के रुप में कर रहे हैं। नरकंकाल की जांच कराई जा रही है।
भैंस चराने के लिए घर से निकले थे रमायन
मगहरा। भलुअनी थाना क्षेत्र के निवासी रमायन यादव बीते 28 मई को घर से भैंस चराने के लिए निकले था। वह आज तक वापस लौटा। काफी तलाश के बाद उनका कहीं सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने भलुअनी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रमायन यादव की तीन संतान रामछबीला, रंगीला और संगीला हैं।