रामपुर कारखाना के रामपुर गौनरीया में शराब की दुकान में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। रामपुर कारखाना के रामपुर गौनरिया चौराहे पर स्थित एक शराब की दुकान में रविवार की रात आग लग गई। इससे दुकान में रखा नकदी समेत करीब चार लाख रुपये कीमत का सामान जल गया।
देवरिया शहर के रहने वाले सत्यप्रकाश की रामपुर गौनरिया चौराहे पर अंग्रेजी शराब की दुकान है। रोज की तरह रविवार की रात दस बजे के करीब मुनीम अनिल पांडेय दुकान बंद करके धमउर अपने घर चला गया। रात को साढ़े ग्यारह बजे के करीब दुकान के अंदर से धुंआ निकलता देखकर आसपास के लोग जुट गए। किसी ने दुकान मालिक को फोनकर आग लगने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे मालिक ने देखा कि शटर बंद है और अंदर आग लगी हुई है। इतने में पहुंचे फायर सर्विस कर्मचारियों ने लोगों के सहयोग से ताला तोड़कर आग बुझाई। सत्यप्रकाश ने बताया कि किसी ने रंजिशवश आग लगाई है। 40 हजार रुपये नकद, 3.50 लाख रुपये कीमत की शराब, काउंटर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। इस संबंध में रामपुर कारखाना के इंस्पेक्टर विजय नारायण ने बताया कि शराब की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लगी है। तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है।