देवरिया। किशोर को अगवा कर पेड़ में बांधकर पिटाई करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने छह नामजद समेत 10 लोगों के खिलाफ डकैती समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पीड़ित किशोर शमशाद अहमद की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शेष की तलाश की जा रही है।
बजाजी रोड रौनियारी मोहल्ले के रहने वाले शमशाद अहमद भाई की दुकान पर काम करता है। बुधवार की दोपहर तहसील गेट से बाइक सवार दो युवकों ने उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया और सकरापार नहर के पास ले गए। वहां पहले से ही कुछ युवक मौजूद थे। सभी ने मिलकर शमशाद को पेड़ में बांध दिया और मिलकर उसकी पिटाई की। इसका वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया गया। बताया जा रहा है कि एक ने उसे पिस्टल भी सटा दिया था। पिटाई से गंभीर रूप से घायल शमशाद किसी तरह रामगुलाम टोले में दोस्त के घर पहुंचा। सूचना के बाद परिवारवाले पहुंचे और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पिटाई से शमशाद का सिर भी फट गया है। शमशाद ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस ने अबूबकरनगर के नासिर अंसारी, सकरापार के विकास यादव, रामनाथ देवरिया के आकाश प्रताप सिंह, भीखमपुर रोड के क्रांति, कसया रोड के गौतम, एक अन्य नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ डकैती समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने नासिर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
एसपी पहुंचे कोतवाली
किशोर की पेड़ में बांधकर बेरहमी से की गई पिटाई का वीडियो वायरल होने के मामले को एसपी रोहन पी कनय ने गंभीरता से लिया। इसके साथ ही रामनाथ देवरिया की विमला देवी पर हुए धारदार हथियार से हमले की घटना का भी उन्होंने संज्ञान लिया। शाम के समय एसपी खुद कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने दोनों घटनाओं के बारे में सदर कोतवाल सत्येंद्र पांडेय और अन्य लोगों से पूछताछ की। गिरफ्तार नासिर अंसारी से भी बात की।