50 लीटर कच्ची शराब बरामद, तीन गिरफ्तार
नोनिया पट्टी में पुलिस-प्रशासन की टीम की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
बघौचघाट। पकहां गांव के नोनिया पट्टी गांव में कच्ची शराब का धंधा काफी दिनों से फलफूल रहा था। शुक्रवार को एसडीएम दिनेश मिश्र के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी की। तीन धंधेबाज मौके से गिरफ्तार किए गए और 50 लीटर कच्ची शराब बरामद हुआ। गांव में पहुंची टीम को देखकर कच्ची शराब का धंधा करने वालों में भगदड़ मच गई। टीम ने गुलाम मोहम्मद, चंदन समेत तीन को दौड़ाकर पकड़ लिया। जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई 50 लीटर कच्ची शराब बरामद कर करीब एक क्विंटल लहन नष्ट किया। एसडीएम और सीओ सिटी वरुण मिश्र के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस व आबकारी विभाग की टीम ने घरों में दबिश दी। गांव में शराब बनाकर बेचने का धंधा बहुत दिनों से चल रहा था। पूर्व में भी कई बार आबकारी विभाग ने छापेमारी की थी, लेकिन मौके से कोई पकड़ा नहीं गया था। टीम में बघौचघाट एसओ प्रदीप शर्मा, आबकारी इंस्पेक्टर विनय तिवारी आदि शामिल रहे। सीओ सिटी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है।