अंतरप्रांतीय बदमाश तमंचे के साथ गिरफ्तार
खुखुंदू, महुई श्रीकांत चौराहे से पुलिस ने पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के महुई श्रीकांत चौराहे से पुलिस ने शुक्रवार की सुबह एक अंतरप्रांतीय बदमाश को 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पकड़ा गया बदमाश विभिन्न स्थानों में ट्रेन में चोरी, लूट सहित अन्य मामलों में जेल जा चुका है। इंस्पेक्टर श्यामलाल यादव ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 7.40 बजे मुखबिर ने एक संदिग्ध महुई श्रीकांत चौराहे पर घूमने की सूचना दी। पुलिस की गाड़ी पहुंचते ही संदिग्ध भागने लगा। उसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अंबिका गोड़ निवासी बीरजापुर झंगटौर थाना खुखुंदू बताया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अंबिका शातिर किस्म का बदमाश है। उसने लखनऊ, सीतापुर, भटनी, गोरखपुर समेत बिहार में ट्रेनों में चोरी, डकैती, तस्करी सहित अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है। उसके खिलाफ संबंधित थानों में केस दर्ज है।