खुखुंदू। पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ रहे छात्र की नीचे गिरने से मौत हो गई। घटना थाना क्षेत्र के पिपराती गांव का है। उधर, खुखुंदू कस्बे के जलकल परिसर में पेड़ से गिरने से आम तोड़ रहा युवक जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पिपरपाती निवासी शंभू प्रसाद का पुत्र पवन कुमार (9) गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा-दो का छात्र है। शुक्रवार की दोपहर घर के बाहर दोस्तों के साथ खेल रहा था। खेल-खेल में ही पवन आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ गया। इसी दौरान पैर फिसलने से नीचे गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसे उल्टी शुरू हो गई। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते मां शीला देवी, बड़ी बहन किरण दहाड़े मारकर रोने लगी। पवन का पिता शंभू गुजरात में रहकर मजदूरी करता है। बेटे की मौत की खबर मिलते वह ट्रेन पकड़कर चल दिया। उधर, खुखुंदू कस्बा निवासी टमाटर नट (35) जलकल कैंपस में आम के पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ रहा था। इसी दौरान आम की डाली टूट गई, जिससे वह नीचे गिर पड़ा। उसके कमर में गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पवन की मौत से दोस्तों में मायूसी
खुखुंदू। पवन अपने भाई-बहनों में सबसे होनहार था। उसकी मौत से सभी दुखी हैं। पवन के साथ विकास, रितेश, कृष्णा और चंदन सब रोज एक साथ खेलते थे। इनमें से कोई एक नहीं आता तो बाकी उनके घर पहुंचकर बुला लाते थे। सब स्कूल भी एक साथ ही आते-जाते थे। इन दिनों छुट्टी के चलते सभी दोस्त घर के पास बगीचे में इकट्ठा होकर खेलते-कूदते थे। पवन की मौत के बाद शनिवार को सबके घरों पर सन्नाटा पसरा था। कोई खेलने के लिए घर से बाहर नहीं निकला। पवन की बात करते ही सब सिसक-सिसक कर रो पड़े।