खैनी मांगने के बहाने टेंपो में बैठे उच्चके रिटायर्ड तहसीलदार का 45 हजार रुपये लेकर चंपत हो गए। उच्चकों के जाने के बाद झोला चेक करने पर पीड़ित को इस बारे में जानकारी हुई। टेंपो स्टैंड पर लोगों की मदद से उन्होंने उच्चकों की तलाश की लेकिन पता नहीं चल सका। रिटायर्ड तहसीलदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।मईल थाना क्षेत्र के ज्ञान छपरा गांव निवासी नंदलाल पांडेय का नगर के स्टेट बैंक में अकाउंट है। वह सोमवार को दोपहर में बैंक पहुुंचे और अपने अकाउंट से 45 हजार रुपये निकाला। रुपये निकालने के बाद वह सोहनाग मोड़ पर टेंपो स्टैंड के पास पहुंचे और बरठा चौराहा जाने वाली टेंपो पर बैठ गए। नंदलाल के अनुसार कुछ देर बाद तीन लोग पहुंचे और मईल जाने की बात कहते हुए टेंपो में बैठ गए। इस दौरान इन लोगों ने रिटायर्ड तहसीलदार को अपनी बातों में फंसा लिया और खैनी की मांग की। बातचीत के दौरान तीनों ने खैनी बनाकर खाई और अभी आने की बात कह टेंपो से उतरकर चले गए। कुछ देर बाद नंदलाल ने देखा तो झोला कटा हुआ है और झोले में रखी रकम गायब है। पीड़ित ने इसकी जानकारी आस-पास के लोगों को दी और उच्चकों की तलाश की। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कोतवाली पहुंचे पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की। इस बाबत इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।