कोतवाली पुलिस ने की चूक, सीडब्ल्यूसी ने किया तलब
शिशु के बरामद होने की सूचना, सेम डे में पुलिस ने जीडी में नहीं किया दर्ज
पुलिस ने महिला अस्पताल में शिशु को कराया था भर्ती, सीडब्ल्यूसी ने दिया नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। बालगृह बालिका कांड में घिरी देवरिया पुलिस ने फिर चूक की है। लावारिस हालत में बरामद नवजात की सूचना सेम डे में पुलिस दर्ज नहीं की है। सीडब्ल्यूसी के सदस्य ने नोटिस जारी कर सदर कोतवाल को तलब किया है। शहर के राघवनगर मोहल्ले में 23 अगस्त को झाड़ी में नवजात शिशु मिला। पुलिस ने शिशु को लाकर महिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पुलिस और देवरिया में कार्य कर रही महराजगंज के सीडब्ल्यूसी की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। लेकिन जीडी में पुलिस ने नवजात बरामद होने की सूचना सेम डे में दर्ज नहीं किया है। 28 अगस्त को सीडब्ल्यूसी की बैठक में कोतवाल नहीं पहुंचे और जीडी में सूचना दर्ज नहीं होने की बात सामने आई। सीडब्ल्यूसी के सदस्य राजेश वर्मा और विंध्यवासिनी ने कोतवाल को नोटिस जारी मंगलवार को खरजरवा कार्यालय में तलब कर जीडी में पांच दिन बाद आधी अधूरी शिशु बरामद होने की सूचना दर्ज करने का स्पष्टीकरण मांगा है। इसके पहले पुलिस डीएम के रोक के बावजूद बालगृह बालिका में लड़कियों को लाकर रखती थी। जांच की जद में बालिका गृह के आने पर कई थानेदार व इंस्पेक्टर की परेशानी बढ़ गई है। सेम डे में शिशु की बरामदगी जीडी में दर्ज नहीं करना कोतवाली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा रहा है। सीडब्ल्यूसी के सदस्य राजेश वर्मा ने बताया कि पुलिस सेम डे शिशु को बरामद करने की सूचना जीडी में दर्ज नहीं किया है। विशेष दत्तक ग्रहण इकाई (कारा) की वेबसाइट पर जब शिशु का विवरण अपलोड होगा तो उसमें जीडी की कॉपी भी रहती है। जिसमें शिशु के बरामद स्थान और सूचना देने वाले का ब्योरा जीडी से ही पुष्टि होती है। इसके लिए कोतवाल को नोटिस जारी कर कार्यालय में तलब किया गया है।
गोरखपुर शिशु गृह भेजा जाएगा शिशु
महिला अस्पताल में 15 दिन भर्ती नवजात शिशु स्वस्थ्य हो गया है। सीडब्ल्यूसी के सदस्यों ने डॉक्टर से मिलकर शुक्रवार को जानकारी लिया। सीडब्ल्यूसी के सदस्यों ने कोतवाल को गोरखपुर जेल रोड स्थित एशियन सहयोगी संस्थान द्वारा संचालित हो रहे शिशु गृह में पहुंचाने के लिए नोटिस दिया है। जरूरत महसूस होने पर बाल कल्याण अधिकारी या प्रोबेशन कार्यालय से से मदद लेने का भी नोटिस में जिक्र किया गया है।