धर्मंकोट में अकाली पूर्व चेयरमैन समेत 15 के खिलाफ केस दर्ज
नामांकन दाखिल करने समय हुई हिंसक घटनाओं में दो एफआईआर
पुलिस पर पथराव करने में 150-200 अज्ञात लोगों को बनाया गया आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। धर्मकोट में शुक्रवार को पंचायती चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने समय हुई हिंसक घटनाओं के लिए पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। गोली से जानलेवा हमला करने के आरोप में अकाली नेता पूर्व मार्केट कमेटी चेयरमैन और काउंसिल प्रधान समेत 15 के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दूसरे मामले में पुलिस पर पथराव करने की तकरीबन 150-200 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक डीएमसी लुधियाना में दाखिल गोली से घायल सिमरनजीत सिंह उर्फ सनी निवासी गांव दातेवाला की शिकायत पर अकाली नेता पूर्व चेयरमैन सुखविंदर सिंह उर्फ गुलू, उसके दो बेटों कुलविंदर सिंह उर्फ किंदा और हनी के अलावा काउंसिल प्रधान पिंटू, करन सिंह उर्फ करना, सुंदर सिंह गांव दातेवाला और 8-9 अज्ञात आरोपियों खिलाफ धारा 307, 341, 506, 336, 188, 148, 149 एवं आर्म्स एक्ट तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता ने बयान में बताया वह गांव के स्कूल ग्राउंड की निशानदेही कराने के संबंध में हलका पटवारी के पास आया था। उसे आरोपियों ने पुरानी रंजिश कारण घेर लिया और उस पर ईंट, बेसबाल से हमलाकर पिस्तौल की गोली चला दी। यह घटना सुबह तकरीबन 9.30 बजे घटी थी।
इस घटना के बाद बाद दोपहर 2.30 बजे हजूम ने एसडीएम दफ्तर घेर कर उम्मीदवारों को नामांकन पत्र दाखिल करने से रोकने के आरोप में 150-200 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 353, 186, 332, 323, 188, 149 में एफआईआर दर्ज की गई है। थाना प्रमुख धर्मकोट जोगिंद्र सिंह की ओर से दर्ज की इस एफआईआर मुताबिक वह फोर्स के साथ एसडीएम धर्मकोट कम रिटर्निंग अफसर के मेन गेट पर तैनात थे। वहां डीएसपी सत्तपाल सिंह गिल और डीएसपी इंवेस्टिगेशन हरिंदर सिंह डोड और डीएसपी धर्मकोट अजयराज सिंह मौजूद थे। इस दौरान एसडीएम गेट सामने 150-200 व्यक्तियों के हजूम ने अलग-अलग पार्टियों के उम्मीदवारों को नामांकन फार्म भरने से रोकना शुरू कर दिया।
ड्यूटी मैजिस्ट्रेट कम तहसीलदार साहिब कोट ईसेखां मनिंदर सिंह और पुलिस अफसरों के बार-बार समझाने पर भी वह नहीं हटे और एसडीएम साहिब धर्मकोट के दफ्तर अंदर जाने की कोशिश करने लगे। हजूम ने अलग-अलग पार्टियों के उम्मीदवारों को नामांकन फार्म भरने से रोका और पुलिस कर्मचारियों पर पथराव कर नारेबाजी करने लगे। इससे हवलदार बलदेव सिंह, हवलदार हरजीत सिंह और कांस्टेबल गुरकीरत सिंह घायल हो गए। हजूम ने सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी में बाधा डाली। एसडीएम धर्मकोट कम रिटर्निंग अफसर एवं ड्यूटी मैजिस्ट्रेट कम तहसीलदार कोट ईसेखां की हाजिरी में ड्यूटी मैजिस्ट्रेट की मंजूरी से भीड़ को खदेड़ने के लिए आंसू गैस का प्रयोग के अलावा हलका लाठीचार्ज भी किया गया।