बरहज के भलुअनी थाना क्षेत्र के विक्षौली तिवारी में रोते-बिलखते परिजन
भलुअनी। नाली के पानी निकासी की बात पर हुए विवाद में पड़ोसियों ने रिटायर्ड कर्मचारी की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। घटना भलुअनी थानाक्षेत्र के बिछौली तिवारी गांव की है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक कर्मचारी के भाई की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करते हुए एक को गिरफ्तार किया गया है।
कानपुर गन फैक्ट्री के सेवानिवृत्त कर्मचारी रामसिंगार यादव (65) की दीवार से सटकर पड़ोसी राधेश्याम के घर से निकली नाली का पानी बहता है। नाली के पानी के निकासी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद पहले से है। सोमवार को इसी विवाद में दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। गालीगलौज के बाद मामला इस कदर बिगड़ा कि मारपीट होने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो एक पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। इसमें रामसिंगार यादव बुुरी तरह जख्मी हुए। आननफानन में उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। उनके भाई बांकेलाल की तहरीर पर पुलिस ने राधेश्याम, लालमणि, विकास यादव, नितेश, सुमित्रा, श्याम दुलारी के खिलाफ हत्या, मारपीट, गिरोहबंद हमला करने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी लालमणि को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
अंडरग्राउंड नाली बनवाने को कह रहे थे रामसिंगार
भलुअनी। रामसिंगार यादव का पड़ोसी से नाली का विवाद चल रहा था। उन्हें क्या पता था कि नाली अंडरग्राउंड कराने की बात उनके मौत का कारण बन जाएगा। रामसिंगार कानपुर गन फैक्ट्री से 2004 में सेवानिवृत्त होने के बाद गांव रहने लगे। पड़ोसी के घर से निकली नाली का पानी इनकी दीवार से सट कर बहता है। इसे लेकर पूर्व में कई बार पंचायत भी हो चुकी है। वह पिछले कुछ सप्ताह से पड़ोसी से नाली अंडरग्राउंड कराने को कह रहे थे, ताकि दीवार को क्षति न पहुंचे। मगर पड़ोसी इस पर राजी न थे। रामसिंगार का इकलौता बेटा घनश्याम मुंबई रहता है, जबकि बेटी चंद्रावती घर पर रहती है। रामसिंगार की हत्या के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है।